हरदोई में एक कार पर कई किलोमीटर तक हमला, फायरिंग और तोड़फोड़ का आरोप, 40 मिनट इंतज़ार के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में एक परिवार की कार का कई किलोमीटर तक पीछा कर बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि असलहों से लैस हमलावरों ने कार पर अंधाधुंध फायरिंग की और लोहे की रॉड से शीशे तोड़ दिए। घटना के दौरान परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। युवक की सूझबूझ से परिवार के सदस्यों की जान बच सकी।
जानकारी के मुताबिक, एक युवक अपने परिवार के साथ कार से जा रहा था। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उसकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर कई किलोमीटर तक कार के पीछे लगे रहे। इस दौरान वे असलहे लहराते हुए धमकाते रहे और कार पर लोहे के हथियारों से हमला किया। बदमाशों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। परिजनों का आरोप है कि हमलावर लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे और कार को हादसे का शिकार बनाना चाहते थे।
घटना के बाद टोल प्लाजा पर करीब 40 मिनट तक कासिमपुर पुलिस के न पहुंचने का आरोप परिजनों ने लगाया है। उनका कहना है कि काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद उन्हें पुलिस की सहायता नहीं मिली। परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी और गश्त को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
मामले में थाना कासिमपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही हमले के कारणों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।